- डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर से लेकर बूथों तक पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं, 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं का मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने पर जोर
रामपुर से शाहबाज़ खान की रिपोर्ट।
रामपुर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर से लेकर मतदान केंद्रों तक पहुंचकर अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। डीएम ने सबसे पहले कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर प्राप्त शिकायतों के रजिस्टर और उनके निस्तारण की स्थिति जांची। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका शीघ्र समाधान किया जाए।
इसके बाद डीएम राजकीय इंटर कॉलेज मुर्तजा पहुंचे, जहां उन्होंने मतदेय स्थल संख्या 216 से 220 तक की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता पंजीकरण कार्य, भरे जा रहे फार्मों और मतदाताओं की सुविधा के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं मोबाइल एप के माध्यम से भरे हुए मतदाता फार्मों का ऑनलाइन डिजिटाइजेशन भी किया।
डीएम ने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम विलोपन और विवरणों में संशोधन से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
उन्होंने मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के निर्देश दिए। बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए, क्योंकि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी रत्निका श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी बबीता सिंह, पदाभिहित अधिकारी योगेंद्र पाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बाइट: अजय कुमार, जिलाधिकारी रामपुर।



