- हेल्पलाइन नंबरों और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी, घरेलू हिंसा व साइबर उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर रामपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेस-6 के तहत व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की महिला सुरक्षा टीमों और जनपद स्तरीय टीम ने अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिला सुरक्षा टीमों ने महिलाओं को आत्मरक्षा के उपायों, कानूनी अधिकारों और महिला सम्मान से जुड़े कानूनों के प्रति जागरूक किया। साथ ही घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, ऑनलाइन उत्पीड़न, बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुप्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न आपातकालीन एवं सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। इनमें 1090 महिला शक्ति हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
पंपलेट और कॉमिक्स बांटकर किया जागरूक
मिशन शक्ति टीमों ने जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को पंपलेट, कॉमिक्स और अन्य प्रचार सामग्री वितरित की। पुलिस टीम ने अपील की कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या महिला संबंधी अपराध की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि तत्काल पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं से संपर्क करें।
रामपुर पुलिस का यह अभियान महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और समाज में महिला सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।



