विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पुलिस अलर्ट, डीआईजी ने की समीक्षा बैठक

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • रामपुर में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
  • वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी पर जोर, लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए आदेश

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। आगामी सामान्य विधानसभा निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र ने पुलिस अधीक्षक रामपुर के साथ रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।

गोष्ठी में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, अपराधियों के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई और अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष जोर दिया।

लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों पर सख्ती

डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान करने को कहा गया। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम और साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर

महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी ने पीड़िताओं की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनने और त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा तथा मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के साथ आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने, प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने और शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।

[wps_visitor_counter]