- सेवा व्रत अनुष्ठान के 19वें आयोजन में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान भेंट कर दिया सुखी जीवन का आशीर्वाद
मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के हाथ पीले कराना और उन्हें नए जीवन की शुरुआत के लिए सहयोग देना समाजसेवा की एक अनूठी मिसाल बन गया। स्वर्गीय विशंभर स्वरूप अग्रवाल की स्मृति में बुधवार को थाना कादरी गेट क्षेत्र स्थित मधुर मिलन गेस्ट हाउस में 19वें सेवा व्रत अनुष्ठान के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कुल 72 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें हिंदू रीति-रिवाज से विवाह के साथ एक मुस्लिम जोड़े का निकाह भी कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नगरपालिका अध्यक्ष वात्सला अग्रवाल और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने अपने परिवार एवं सहयोगियों के साथ विवाह समारोह की व्यवस्थाएं संभालीं। इस अवसर पर मनोज अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह कराकर कन्यादान करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने संकल्प जताया कि यह सेवा कार्य जीवन की अंतिम सांस तक जारी रहेगा।
नवदंपतियों को भेंट किया गृहस्थी का सामान
सामूहिक विवाह समारोह में नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुरुआत के लिए बक्सा, कपड़े, श्रृंगार सामग्री, मंगलसूत्र, पायल, बिछिया, डिनर सेट, अलमारी, पलंग, गद्दा, रजाई, बर्तन, गैस चूल्हा, सिलेंडर, मिक्सर ग्राइंडर और पंखा सहित जरूरत का घरेलू सामान भेंट किया गया।
कार्यक्रम में पंडित नारायण त्रिवेदी और मनोज मिश्रा ने पूजन-अर्चन एवं आरती संपन्न कराई। समारोह का संचालन प्रवीण मिश्रा ने किया। इस दौरान देवांश अग्रवाल, सारांश अग्रवाल, प्राची गुप्ता, ध्रुव अग्रवाल, सुंदर गुप्ता, हीरा गुप्ता, राजीव गुप्ता, मनोज गुप्ता, सौरभ गुप्ता, डब्बू, सुनील गुप्ता, सोनू गुप्ता, विनय कुमार, मोना बाजपेई, जुगनू, मृदुल, आकाश, शिवांशु, शिवम, भाजपा नेत्री मीरा सिंह, कल्याण मिश्रा, आदित्य दीक्षित, नारायण दत्त द्विवेदी, रीतू दुबे, भप्पू सोनी, आलोक मिश्रा, सपा नेता विवेक यादव, शशांक सक्सेना और राजन यादव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



