FIR दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप, पीड़िता ने एसपी और मुख्यमंत्री योगी से लगाई इंसाफ की गुहार

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • आरोपियों पर खुलेआम घूमने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, कचहरी पहुंचकर पीड़िता ने एसपी को सौंपा शिकायती पत्र

रामपुर। थाना मिलक खानम पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए एक पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है। मोहम्मद नगर निवासी काजल ने कचहरी पहुंचकर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसोदिया को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इंसाफ की गुहार लगाई है।

पीड़िता काजल का आरोप है कि थाना मिलक खानम में मामले को लेकर नामजद एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उसने राजेंद्र, मोहन, बाबू और मानसिंह पर मारपीट करने तथा परिवार को लगातार धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। साथ ही उसकी छोटी बहन के अपहरण की आशंका भी जताई है।

काजल ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि आरोपियों से मोटी रकम लेकर उन्हें बचाया जा रहा है, जिसके चलते कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं पीड़िता के भाई ने भी मीडिया के सामने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए रामपुर पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री से परिवार को सुरक्षा देने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।

पीड़िता की मां और उसके अधिवक्ता ने भी पूरे मामले को लेकर अपनी बात रखी। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं हुई तो उनके परिवार के साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है।

अब पीड़िता ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। हालांकि, पुलिस पर लगाए गए रिश्वतखोरी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।

रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

Nation Station News | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]