नरवाई की आग ने मचाया तांडव, जेसी एंड संस के भंडार गृह में भीषण अग्निकांड, एक करोड़ का सामान जलकर राख

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • खेत में जलाई गई धान की नरवाई की लपटें गोदाम तक पहुंचीं, चार घंटे तक दमकल कर्मियों ने की मशक्कत
  • बुधनी के बगवाड़ा में मचा हड़कंप, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

बुधनी (मध्य प्रदेश)। खेतों में धान की नरवाई जलाने की लापरवाही एक बड़े अग्निकांड का कारण बन गई। बुधनी के बगवाड़ा क्षेत्र में जेसी एंड संस प्राइवेट लिमिटेड के भंडार गृह में भीषण आग लगने से करीब एक करोड़ रुपये की सामग्री जलकर खाक हो गई। आग की चपेट में विद्युत उपकरण, इलेक्ट्रिकल स्क्रैप, केबल सहित अन्य कीमती सामान आ गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मचगई।

सूचना मिलते ही बुधनी और शाहगंज नगर की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा ट्राइडेंट और वर्धमान फैक्ट्री तथा नगर पालिका नर्मदापुरम की दमकलों को भी आग बुझाने के लिए लगाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा करीब एक करोड़ रुपये का सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

घटना की सूचना पर बुधनी पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। फिलहाल अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर खेतों में नरवाई जलाने से होने वाले गंभीर खतरों को उजागर कर दिया है। खेतों में लगाई गई आग यदि हवा के साथ फैल जाए तो आसपास की संपत्तियों और जनजीवन के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। सवाल यह है कि नरवाई जलाने पर रोक और प्रशासनिक जागरूकता के बावजूद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण कब हो पाएगा?

संवाददाता: हमीद बेग, बुधनी (मध्य प्रदेश)

[wps_visitor_counter]