मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। बाढ़ की मार से किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिलने से अन्नदाता आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कटरी नगपुर और कटरी शिकारपुर के किसानों की इस समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने तहसील सदर में आवाज बुलंद करते हुए उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और जल्द मुआवजा दिलाने की मांग उठाई।
संगठन के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बाढ़ के कारण किसानों की तिली, गन्ना और धान की खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं। फसलें बर्बाद होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। इसके बावजूद अभी तक प्रभावित किसानों को मुआवजा नहीं मिला है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी और अगली फसल की तैयारी का संकट खड़ा हो गया है।
भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने प्रशासन से मांग की कि कटरी नगपुर और कटरी शिकारपुर सहित प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराया जाए। साथ ही पात्र किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसान आर्थिक संकट से उबर सकें।
प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद
संगठन ने स्पष्ट किया कि किसानों को राहत देने में देरी उनकी परेशानियों को और बढ़ा रही है। प्रशासन को इस मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए। ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष मनोज कुमार यादव सहित संगठन के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
अब सवाल यह है कि बाढ़ से बर्बाद फसलों का दंश झेल रहे किसानों को आखिर कब तक मुआवजे का इंतजार करना पड़ेगा और प्रशासन उनकी सुध कब लेगा?
Nation Station News
🌐 nationstationnews.com



