दीपावली पर यूपी रोडवेज ने बनाया रिकॉर्ड, 6 दिनों में एक करोड़ से अधिक यात्रियों ने किया सफर

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • छठ पर्व पर 13 से 17 नवंबर तक अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी, दिल्ली, लखनऊ और कानपुर के लिए बढ़ाई जाएंगी बसें
  • चालक-परिचालकों को प्रतिदिन 400 रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि, अनफिट बसों के संचालन पर रहेगी रोक

लखनऊ। दीपावली के त्योहार पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। परिवहन निगम ने महज छह दिनों में एक करोड़ से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित एवं सुगम यात्रा कराई। इस उपलब्धि के बाद अब छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है।

प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि 6 से 11 नवंबर 2026 के बीच परिवहन निगम की बसों से एक करोड़ से अधिक लोगों ने यात्रा की। आंकड़ों के अनुसार 6 नवंबर को 18.06 लाख, 7 नवंबर को 16.72 लाख, 8 नवंबर को 17.36 लाख, 9 नवंबर को 14.12 लाख, 10 नवंबर को 16.42 लाख और 11 नवंबर को 19.45 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया।

छठ पर्व पर 13 से 17 नवंबर तक अतिरिक्त बसों का संचालन

परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 13 नवंबर से 17 नवंबर तक अधिक से अधिक बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। पूर्वांचल में छठ पर्व बड़े स्तर पर मनाया जाता है। ऐसे में दिल्ली और अन्य महानगरों में रहने वाले पूर्वांचल के लोग अपने घरों की ओर रवाना होते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश, लखनऊ और कानपुर के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्वी उत्तर प्रदेश से दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक होने पर अतिरिक्त सेवाएं शुरू की जाएं। प्रारंभिक बिंदु से 60 प्रतिशत से अधिक लोड फैक्टर मिलने पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

परिवहन मंत्री ने निगम की बसों को शत-प्रतिशत ऑनरोड रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में अनफिट बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। बसों के स्पेयर पार्ट्स और मरम्मत की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टेशनों और बसों में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, डिजिटल समय सारिणी और सहायता केंद्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट भी कराया जाएगा।

वहीं, परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने बताया कि निर्धारित औसत किलोमीटर का दैनिक संचालन करने वाले नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग चालकों एवं परिचालकों को 400 रुपये प्रतिदिन की दर से एकमुश्त विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पर्व के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी तथा विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।

अब छठ पर्व पर परिवहन निगम की असली परीक्षा होगी कि वह यात्रियों की भारी भीड़ के बीच कितनी बसें उपलब्ध करा पाता है और लोगों को बिना परेशानी उनके घरों तक पहुंचाने में कितना सफल रहता है।

[wps_visitor_counter]