बठिंडा में नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम: 42 दिनों में 1,082 लोगों को मिला इलाज, नई जिंदगी की जगी उम्मीद

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • नशा तस्करों पर कार्रवाई के साथ नशे के आदी लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल, पुलिस के PCR कर्मचारी निभा रहे अहम भूमिका

सुरेश रहेजा जिला संवाददाता 

बठिंडा, 12 नवंबर (सुरेश रहेजा)। पंजाब के बठिंडा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘वॉर ऑन ड्रग्स’ के तहत पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे की लत से जूझ रहे लोगों को इलाज उपलब्ध कराकर उन्हें सामान्य जीवन में वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 1 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक कुल 1,082 लोगों को इलाज और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

एसएसपी बठिंडा सुहैल कासिम मीर (IPS) के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में पुलिस के PCR कर्मचारी जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पुलिसकर्मी नशे की लत से प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें नशा मुक्ति केंद्रों तक पहुंचाने और जरूरत के अनुसार चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हैं।

नशे के खिलाफ जंग में परिवार और समाज से सहयोग की अपील

बठिंडा पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इलाज, सहयोग और सम्मान देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों को नफरत या तिरस्कार की नजर से देखने के बजाय उन्हें इलाज के लिए प्रेरित करें और नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग दें।

बठिंडा पुलिस का संदेश स्पष्ट है—नशा बेचने वालों पर सख्ती और नशे के शिकार लोगों को इलाज के जरिए नई जिंदगी।

[wps_visitor_counter]