- सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस, सपा और विपक्षी दलों पर साधा निशाना; मोदी-योगी सरकार की जमकर की पैरवी
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख़्तार अब्बास नक़वी ने सोमवार को रामपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी राजनीति ‘रिजीम चेंज रतौंधी, तख्तापलट तमन्ना और राजनीतिक रसातल की राह’ पर है।
नक़वी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपने झूठ और भ्रामक दावों को सही साबित करने की कोशिश में लगे हैं। विपक्ष के नेता की राजनीतिक गतिविधियां विपक्ष के लिए ताकत बनने के बजाय आफत साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अस्थिरता और अराजकता के जरिए जनादेश को बंधक बनाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी।
बोले- सपा-कांग्रेस में सीटों को लेकर मची खींचतान, 2027 में दोनों की तोप और तमंचा होंगे बेअसर
सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर कटाक्ष करते हुए नक़वी ने कहा कि दोनों दल एक-दूसरे को राजनीतिक झटके दे रहे हैं। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सपा से तोप मांग रही है, जबकि सपा कांग्रेस को तमंचा देने के लिए भी तैयार नहीं है। थोक में सीटें मांगने वालों को फुटकर में भी सीटें नहीं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि 2027 के चुनावी संग्राम में फुकी तोप और छूटा तमंचा दोनों टांय-टांय फिश साबित होंगे। भाजपा की जीत की हैट्रिक सपा गठबंधन को एक बार फिर हार का हमसफर बनाएगी।
विधान परिषद चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए नक़वी ने कहा कि भाजपा ने देशभर में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन किसी एक चुनाव को दूसरे आगामी चुनाव का पैमाना नहीं माना जा सकता। प्रत्येक चुनाव का माहौल, मुद्दा और परिस्थितियां अलग होती हैं। कोई चुनाव दूसरे चुनाव का लिटमस टेस्ट या जनमत संग्रह नहीं होता।
कांग्रेस की मॉक पार्लियामेंट और रामलीला मैदान में आयोजित रैली पर भी उन्होंने निशाना साधा। नक़वी ने कहा कि कांग्रेस की सत्ता पाने की जल्दबाजी उसकी राजनीतिक गड़बड़ी बनती जा रही है। कांग्रेस खुद तो डूब रही है और उसके साथ खड़े सहयोगी दलों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जमीन बंजर है, लेकिन उसके हाथ में आज भी बेवफाई का खंजर है। कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति में फंसने वाले सहयोगी दलों को सावधान रहने की जरूरत है।
मोदी-योगी सरकार को बताया सुरक्षा और सशक्तिकरण की गारंटी
उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए नक़वी ने कहा कि प्रदेश को ऐसी सरकार की जरूरत है जो बलवाइयों, बाहुबलियों, दंगाइयों और अराजक तत्वों से सख्ती से निपट सके। अपराधियों को कानूनी हिरासत में रखने वाली सरकार चाहिए, न कि उन्हें किसी कुनबे की हिफाजत में रखने वाला शासन।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मोदी-योगी सरकार समाज के सभी वर्गों की समृद्धि, सुरक्षा और सशक्तिकरण की गारंटी है।
नक़वी ने कहा कि वैश्विक संकट और अंतरराष्ट्रीय उथल-पुथल के दौर में भारत को मजबूत नेतृत्व और स्थिर सरकार की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी अर्थव्यवस्था और व्यवस्था को मजबूत करते हुए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश को कमजोर करने वाली किसी भी अराजक और आपराधिक कोशिश को सफल नहीं होने देना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी, राकेश सिंह, कपिल आर्य, महासिंह राजपूत, दिलीप अरोड़ा, ओमप्रकाश लोधी, वसीम खान, जगपाल यादव, यशपाल यादव, पवन, सरदार विक्रम सिंह, रविंद्र सिंह रवि, डॉ. चंद्रपाल, अर्जुन रस्तोगी और शादाब खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



