फ्लाईओवर निर्माण के चलते लागू है डायवर्जन, बारिश ने दोनों वैकल्पिक मार्गों की हालत और बिगाड़ी
अरविंद श्रीवास्तव
बांदा। अतर्रा कस्बे के बिसंडा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ऊपरगामी पुल के चलते लागू किया गया डायवर्जन अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। बिसंडा, बबेरू और ओरन की ओर जाने वाले वाहनों के लिए बनाए गए दोनों वैकल्पिक मार्ग पहले से ही जर्जर हालत में थे, वहीं इस वर्ष हुई बारिश ने उनकी स्थिति और खराब कर दी है। हालत यह है कि इन मार्गों से वाहनों का निकलना तो दूर, पैदल आवागमन भी मुश्किल हो गया है।
*दो अप्रैल से चल रहा फ्लाईओवर का निर्माण*
अतर्रा के बिसंडा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के गेट नंबर 476 पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से ऊपरगामी पुल का निर्माण कराया जा रहा है। शासन ने करीब दो वर्ष पहले फ्लाईओवर को स्वीकृति दी थी और इसका निर्माण कार्य दो अप्रैल से शुरू हुआ। निर्माण कार्य पूरा होने की निर्धारित समयसीमा अक्टूबर 2027 बताई गई है।
निर्माण के चलते मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से दो डायवर्जन मार्ग बनाए गए हैं। लेकिन इन दोनों मार्गों की हालत पहले से ही खराब थी। बारिश के बाद सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है और मार्ग पर आवागमन करना चुनौती बन गया है।
*बारिश ने बढ़ाई राहगीरों की मुश्किल*
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के दौरान डायवर्जन मार्गों की स्थिति लगातार बिगड़ती गई। कई स्थानों पर सड़क खराब होने से वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए समस्या और अधिक गंभीर है।
आपदा से निपटने की तैयारियों का हुआ रियलिटी चेक, रामपुर में चार स्थानों पर मॉक ड्रिल
स्थानीय लोगों का कहना है कि डायवर्जन मार्गों की बदहाली को लेकर प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक डायवर्जन मार्गों को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि रोजाना आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके।


