रामपुर रज़ा लाइब्रेरी में ‘द वर्ल्ड इज़ पोएट्री’ प्रदर्शनी का शुभारंभ

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • मंडलायुक्त संगीता सिंह ने किया उद्घाटन, चित्रकार यासीन ख़ान की कलाकृतियों में दिखा कविता और कला का संगम
  • रज़ा लाइब्रेरी को वैश्विक सांस्कृतिक केंद्र बनाने पर जोर, 28 अक्टूबर तक चलेगी प्रदर्शनी

रामपुर। रामपुर की ऐतिहासिक रज़ा लाइब्रेरी एवं म्यूज़ियम में गुरुवार को ‘द वर्ल्ड इज़ पोएट्री’ (The World Is Poetry) शीर्षक से विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन मुरादाबाद मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह (आईएएस) ने किया। लाइब्रेरी के दरबार हॉल में 15 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस प्रदर्शनी में कविता, चित्रकला और मानवीय संवेदनाओं के अनूठे संगम को प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य साहित्य और कला को आमजन तक पहुंचाना तथा लोगों को संसार को एक नई दृष्टि से देखने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक एवं वरिष्ठ तकनीकी रेस्टोरर अरुण कुमार सक्सेना ने मंडलायुक्त संगीता सिंह और जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने चित्रकार यासीन ख़ान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि रामपुर में जन्मे कलाकार की कलाकृतियों की प्रदर्शनी शहर के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं पुस्तकालय के निदेशक इन्द्रजीत सिंह का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके प्रोत्साहन और स्वीकृति से प्रदर्शनी का आयोजन संभव हो सका। उन्होंने कहा कि रज़ा लाइब्रेरी एवं म्यूज़ियम का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के साथ ज्ञान, साहित्य, कला और संस्कृति को जनसामान्य तक पहुंचाना भी है।

कार्यक्रम का संचालन शाज़िया हसन ने किया। इस अवसर पर विद्वतजन, साहित्यप्रेमी, मीडिया प्रतिनिधि और सीआईएसएफ परिवार के सदस्य मौजूद रहे। रज़ा लाइब्रेरी की ओर से आमजन, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और कलाकारों से 28 अक्टूबर तक आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की गई है।

[wps_visitor_counter]