- एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी और वॉलीबॉल में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता अगले स्तर पर करेंगे प्रतिभा
सुरेश रहेजा जिला संवाददाता
बठिंडा, 16 सितंबर। पंजाब में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘खेडां वतन पंजाब दियां 2026’ के तहत बठिंडा कॉर्पोरेशन, नथाना और रामपुरा ब्लॉक के ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबले संपन्न हो गए। प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
डिप्टी कमिश्नर बठिंडा श्री राजेश के मार्गदर्शन तथा जिला खेल अधिकारी श्री रूपिंदर सिंह बराड़ के नेतृत्व में खेल विभाग बठिंडा ने शिक्षा विभाग के सहयोग से प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बठिंडा कॉर्पोरेशन में एथलेटिक्स और फुटबॉल में शानदार प्रदर्शन
बठिंडा कॉर्पोरेशन के अंडर-21 से 30 वर्ष आयु वर्ग के लड़कियों के शॉट पुट मुकाबले में दीक्षादीप कौर ने पहला, लखवीर कौर ने दूसरा और शीतल कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 लड़कियों की 60 मीटर दौड़ में सुखमनदीप कौर प्रथम और प्रिया कुमारी द्वितीय रहीं।
41-50 आयु वर्ग की 400 मीटर दौड़ में गुरपिंदर कौर ने पहला और सुमेर कुमारी ने दूसरा स्थान हासिल किया। इसी आयु वर्ग की 800 मीटर दौड़ में भूपिंदर कौर प्रथम और राजविंदर कौर द्वितीय रहीं। 100 मीटर दौड़ में अनीता पाल ने पहला और ममता देवी ने दूसरा स्थान हासिल किया।
अंडर-21 लड़कियों के शॉट पुट में जय श्री प्रथम और जसप्रीत कौर द्वितीय रहीं। 31-40 आयु वर्ग के शॉट पुट में रजनी ने पहला, जबकि 41-50 आयु वर्ग में परमजीत कौर ने पहला और सुमिंदर कौर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-21 फुटबॉल मुकाबले में बठिंडा ए टीम ने पहला और बठिंडा स्टेडियम टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया।
रामपुरा में कबड्डी और वॉलीबॉल में खिलाड़ियों का जलवा
ब्लॉक रामपुरा के नेशनल स्टाइल कबड्डी अंडर-17 फाइनल मुकाबले में कोटरा कोड़ा ने पहला और गांव बालियांवाली ने दूसरा स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल स्मैशिंग अंडर-14 लड़कों में बालियांवाली गांव प्रथम और बालियांवाली क्लब द्वितीय रहा।
अंडर-17 वॉलीबॉल में मंडी ने पहला और ढड्डे ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-21 वर्ग में मंडी कलां ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 21-30 आयु वर्ग में भी मंडी कलां ने पहला स्थान हासिल किया। रामपुरा ब्लॉक के अंडर-17 लड़कों के फुटबॉल मुकाबले में डीएम स्कूल प्रथम और मंडी कलां द्वितीय रहा।
अगले स्तर की प्रतियोगिताओं में उतरेंगे विजेता
खेल विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के माध्यम से गांवों और शहरों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध करा रही है। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
प्रदेशीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों ने ली खेल भावना और अनुशासन की शपथ
जिला खेल अधिकारी श्री रूपिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में और अधिक मेहनत करने तथा बठिंडा और पंजाब का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
— सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा
बठिंडा


