- बठिंडा जिले के 1,204 BLO ने 13 अगस्त से 12 सितंबर तक लिए दावे और आपत्तियां
- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 12 अक्टूबर को होगा
बठिंडा, 16 सितंबर। पंजाब में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे स्पेशल इन-डेप्थ करेक्शन (SIR) अभियान के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों की सूचियां जारी कर दी गई हैं। जिला इलेक्शन ऑफिसर-कम-डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने बताया कि जिले के सभी 1,204 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक आम जनता से मतदाता सूची में सुधार से संबंधित क्लेम और ऑब्जेक्शन प्राप्त किए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई सूचियां
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (ERO) की ओर से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्राप्त दावों और आपत्तियों की सूचियां उपलब्ध करा दी गई हैं। इनमें फॉर्म नंबर 9, 10, 11, 11-ए और 11-बी के तहत प्राप्त आवेदन शामिल हैं।
पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर
डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप SIR की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मतदाता सूची के सुधार कार्य में जिला प्रशासन का सहयोग करने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और उनके प्रतिनिधियों का आभार जताया।
बठिंडा में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 54,339 चालान काट
12 अक्टूबर को होगा अंतिम प्रकाशन
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 12 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने संबंधित राजनीतिक दलों और प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदाता सूची के संशोधन की प्रक्रिया में अपना सहयोग जारी रखें, ताकि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किए जा सकें।
— सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा | बठिंडा


