- दीपावली और छठ पर्व पर परिवहन निगम ने चलाईं अतिरिक्त बसें, यात्रियों को मिली राहत
- 17 नवंबर को 31.27 लाख से अधिक लोगों ने किया सफर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की
लखनऊ, 18 नवंबर। दीपावली और छठ पर्व के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। त्योहारों पर घर जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए परिवहन निगम की ओर से विशेष व्यवस्था करते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया। इसका परिणाम रहा कि 6 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक महज 12 दिनों में दो करोड़ से अधिक यात्रियों ने रोडवेज बसों से सफर किया।
प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या और आवागमन के दबाव को देखते हुए परिवहन निगम ने व्यापक स्तर पर विशेष परिवहन व्यवस्था लागू की थी। इस दौरान पूर्वांचल सहित प्रदेश के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें संचालित की गईं, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिली।
परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 6 नवंबर को 18.06 लाख, 7 नवंबर को 16.72 लाख, 8 नवंबर को 17.36 लाख, 9 नवंबर को 14.12 लाख, 10 नवंबर को 16.42 लाख, 11 नवंबर को 19.45 लाख और 12 नवंबर को 19.26 लाख से अधिक यात्रियों ने बसों से सफर किया। वहीं 13 नवंबर को 22.40 लाख, 14 नवंबर को 20.07 लाख, 15 नवंबर को 20.13 लाख और 16 नवंबर को 17.15 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की।
इस विशेष अवधि में 17 नवंबर को यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही। इस दिन 31.27 लाख से अधिक लोगों ने परिवहन निगम की बसों से अपने गंतव्य तक यात्रा की। त्योहारों के दौरान दूसरे शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ दीपावली और छठ मनाने के लिए घर लौटते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम ने बसों की उपलब्धता और संचालन व्यवस्था को मजबूत किया था।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को सुरक्षित, सुलभ और बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। त्योहारों के दौरान बसों की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी समन्वय से काम किया। उन्होंने विशेष परिवहन व्यवस्था को सफल बनाने में योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों तथा चालक-परिचालकों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संतुष्टि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।



