दिल्ली। छठ महापर्व के पावन अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाथी घाट पर हजारों पूर्वांचली परिवारों और छठ व्रतियों के साथ उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मइया की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यमुना के पावन तट पर पूर्वांचल की संस्कृति, आस्था और परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूर्वांचली समाज ने दिल्ली को अपना घर बनाने के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं से राजधानी को समृद्ध किया है।
उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों की आस्था का सम्मान करना और छठी मइया की आराधना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी के साथ-साथ आत्मीयता का विषय भी है।
मुख्यमंत्री ने छठ पूजा समितियों, श्रद्धालुओं और आयोजन में योगदान देने वाली पूरी टीम दिल्ली का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प दोहराया कि हर वर्ष छठ महापर्व को और अधिक भव्य, सुंदर एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा।
छठी मइया की कृपा से हर घर में सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि का उजाला फैले।
— Nation Station News | nationstationnews.com



