- बाग में खड़े पेड़ों को काटकर अंदर छिपाने का आरोप, कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से डाली जा रही मिट्टी
- वन एवं खनन विभाग की कार्रवाई का इंतजार, स्थानीय स्तर पर अज़ीम नामक व्यक्ति का बताया जा रहा बाग
रामपुर। जिले के थाना कैमरी क्षेत्र के बड़ा मिलक में कथित रूप से अवैध खनन और आम के हरे-भरे पेड़ों के कटान का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र में लगातार आम के बागों में खड़े हरे पेड़ों को काटा जा रहा है। इतना ही नहीं, काटे गए पेड़ों को बाग के अंदर ही छिपाकर रखा जा रहा है, जिससे बाहर से देखने पर कटान का पता न चल सके।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, बाग में लगातार पेड़ों की कटाई की जा रही है। वहीं, दूसरी ओर मिट्टी डालने के लिए कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। इससे क्षेत्र में अवैध खनन की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि संबंधित बाग अज़ीम नामक व्यक्ति का है। हालांकि, पेड़ों की कटाई और कथित अवैध खनन में उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस पूरे मामले ने वन विभाग, खनन विभाग और स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिरकार हरे-भरे पेड़ों की कटाई और अवैध खनन के आरोपों के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से अब तक क्या कार्रवाई की गई है? यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच करते हैं या नहीं और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
रामपुर से शाहबाज़ ख़ान, जिला संवाददाता



