रामपुर: अनाथ बच्चों के सपनों को मिली नई उड़ान, डीएम ने 10 बच्चों को बांटे लैपटॉप

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से उच्च शिक्षा की राह होगी आसान, जनपद में सैकड़ों बच्चों को मिल रही आर्थिक सहायता

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।

रामपुर। कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों की शिक्षा और भविष्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 10 पात्र बच्चों को लैपटॉप वितरित किए। लैपटॉप पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत जनपद में 123 बच्चों को चिह्नित किया गया था, जिनमें से 89 बच्चों को पात्रता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की गई। वर्तमान में 43 बच्चे योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। योजना के तहत कक्षा नौ या उससे ऊपर की पढ़ाई करने वाले पात्र बच्चों को एक बार लैपटॉप उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इससे पहले 25 बच्चों को लैपटॉप दिए जा चुके हैं, जबकि मंगलवार को 10 और बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए।

जिला प्रोबेशन अधिकारी इरा आर्या ने बताया कि कोविड-19 के कारण माता-पिता अथवा माता या पिता को खोने वाले पात्र बच्चों को शिक्षा एवं संरक्षण के लिए प्रतिमाह 4,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

वहीं, अन्य कारणों से माता-पिता अथवा माता या पिता को खोने वाले बच्चों के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) संचालित है। इस योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 358 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 275 बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है। पात्र बच्चों को प्रतिमाह 2,500 रुपये यानी प्रत्येक तीन महीने में 7,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

ऑनलाइन आवेदन कर उठा सकते हैं योजना का लाभ

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) का लाभ लेने के लिए पात्र बच्चे निर्धारित दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आयु प्रमाण पत्र, शिक्षण संस्थान में पंजीकरण का प्रमाण, बैंक पासबुक और माता-पिता अथवा संरक्षक के साथ बच्चे का संयुक्त फोटो सहित आवश्यक अभिलेख जमा करने होंगे।

इच्छुक पात्र आवेदक योजना के आधिकारिक पोर्टल https://mbsyup.in⁠ पर आवेदन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक जंग बहादुर, नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम सहित संबंधित अधिकारी और लाभार्थी बच्चे मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]