- राहुल गांधी को अनुप्रिया पटेल की खुली चुनौती, बोलीं– लोकसभा में आकर करें बहस, हम तैयार हैं
- स्वार में आयोजित जनसभा में विधायक शफीक अहमद अंसारी ने संभाली कार्यक्रम की कमान, यूपी में पार्टी के विस्तार और एनडीए की हैट्रिक का किया दावा
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।
रामपुर। अपना दल (एस) ने जनपद रामपुर की तहसील स्वार में अपना 31वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में केंद्रीय मंत्री एवं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के विधायक शफीक अहमद अंसारी के नेतृत्व में किया गया। जनसभा के दौरान अनुप्रिया पटेल ने पार्टी के विस्तार, संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों को लेकर अपनी रणनीति सामने रखी। साथ ही विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) का विस्तार उत्तर प्रदेश में पूरब से लेकर पश्चिम और उत्तर से लेकर दक्षिण तक तेजी से हो रहा है। इसी विस्तार और संगठन की बढ़ती ताकत को देखते हुए पार्टी ने अपना 31वां स्थापना दिवस रामपुर की तहसील स्वार में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी पार्टी को जनता का समर्थन मिल रहा है और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संगठन को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि आज अपना दल (एस) उत्तर प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी का लक्ष्य आने वाले समय में प्रदेश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनना है। इसके लिए संगठन और कार्यकर्ता लगातार मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता 24 घंटे जनता की सेवा के लिए तैयार रहते हैं।
एनडीए की हैट्रिक का दावा, सीट बंटवारे पर कही बड़ी बात
आगामी चुनावों को लेकर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) एनडीए गठबंधन का महत्वपूर्ण घटक है। गठबंधन में शामिल सभी दल आपसी सहमति से सीटों का बंटवारा तय करेंगे। पार्टी चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है और जिस सीट पर अपना दल (एस) चुनाव लड़ेगा, वहां जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगाएगा। उन्होंने एनडीए की लगातार तीसरी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि गठबंधन मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।
राहुल गांधी पर हमला, लोकसभा में बहस की दी चुनौती
जनसभा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ और नकारात्मकता फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वे लोकसभा में आकर बहस करें, हम हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार हैं।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि विपक्ष की ओर से लोकतंत्र और सरकार को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। इसी के जवाब में अपना दल (एस) लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकाल रहा है, ताकि जनता के सामने वास्तविक स्थिति रखी जा सके।
कार्यक्रम में विधायक शफीक अहमद अंसारी समेत पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। जनसभा के माध्यम से पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने और संगठन के विस्तार का संदेश दिया।



