रामपुर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, एक करोड़ की अफीम के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 20.497 किलो अफीम, स्कॉर्पियो एन गाड़ी, चार मोबाइल और 6,220 रुपये नकद बरामद; पंजाब में होनी थी खेप की सप्लाई

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना सैफनी पुलिस, एएनटीएफ यूनिट बरेली और एएनटीएफ सब यूनिट की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 20.497 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को बिलारी-शाहबाद मुख्य मार्ग पर शिव धर्म कांटे के पास संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवधेश कुमार शर्मा निवासी ग्राम हडौलिया भोलापुर, थाना कैंट, बरेली, नवीन निवासी ग्राम बंशीपुर, थाना शाही, बरेली और विपिन कुमार निवासी ग्राम बूटरकलां, थाना बढ़नी कला, जनपद मोगा, पंजाब के रूप में हुई है।

स्कॉर्पियो से पंजाब पहुंचाई जानी थी अफीम की खेप

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बरेली के रहने वाले एक व्यक्ति के लिए मादक पदार्थों की सप्लाई करते थे। उसी व्यक्ति के निर्देश पर अफीम की खेप स्कॉर्पियो एन गाड़ी से पंजाब ले जाकर एक पार्टी को पहुंचाई जानी थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एक करोड़ की अफीम समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20.497 किलोग्राम अफीम, चार मोबाइल फोन, एक स्कॉर्पियो एन गाड़ी और 6,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में थाना सैफनी में मुकदमा संख्या 218/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/29/60 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में एएनटीएफ यूनिट बरेली के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव, एएनटीएफ सब यूनिट गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी उपनिरीक्षक रवि कुमार तथा थाना सैफनी के उपनिरीक्षक विनोद कुमार और हेड कांस्टेबल अश्विनी कुमार सहित पुलिस टीम शामिल रही।

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।

नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]