- आगरा में तैनात PAC जवान पर लूट में शामिल होने का आरोप, CCTV फुटेज से खुला मामला
- CCTV फुटेज से हुआ खुलासा, आगरा में तैनात PAC जवान निकला मुख्य आरोपी
- गांजा तस्कर बताकर डराया, रुपये व जेवरात से भरा बैग लूटकर हुए फरार
- 112 पर कॉल के बाद हरकत में आई पुलिस, वर्दीधारी समेत आरोपी दबोचे गए
न्यूज़ डेस्क
मथुरा।मथुरा जंक्शन के बाहर सोमवार रात सर्राफा कारोबारी से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने पीएसी (PAC) के एक जवान को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो मथुरा का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में आगरा में पीएसी में तैनात है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वर्दी की आड़ में अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
₹500 में करें लखनऊ दर्शन, 3 घंटे में दिखेंगे 12 प्रमुख पर्यटन स्थल
पुलिस के अनुसार पीड़ित सर्राफा कारोबारी हाथरस जिले का निवासी है, जो मथुरा जंक्शन पर उतरकर घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक कार में सवार आरोपियों ने उसे रोककर खुद को अधिकारी बताते हुए गांजा तस्कर होने का आरोप लगाया और जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने कारोबारी से रुपये और चांदी-जेवरात से भरा बैग छीन लिया।
वर्दी दिखाकर डराया, कार छोड़कर भागे आरोपी
घटना के दौरान एक आरोपी वर्दी में था, जिससे कारोबारी और आसपास मौजूद लोग घबरा गए। हालांकि हंगामा बढ़ता देख आरोपी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
CCTV से खुली साजिश
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर एक आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान पीएसी जवान नरेंद्र कुमार के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि उसने अपनी ही बटालियन के एक साथी लक्ष्मीकांत और अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।
अपने ही गांव के लोगों के साथ रची साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और कारोबारी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। इसी जानकारी का फायदा उठाकर आरोपियों ने कारोबारी को निशाना बनाया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
कानूनी व विभागीय कार्रवाई
पुलिस ने मामले में लूट, अपहरण के प्रयास और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही वर्दीधारी आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




Total Users : 107921
Total views : 131110