- यूथ आइकॉन के साथ संवाद में युवाओं ने रखे विचार, विकसित भारत @2047 के लक्ष्य पर हुई चर्चा
बठिंडा, 27 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, बठिंडा (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से बाबा फरीद ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में ‘विकसित भारत युवा संवाद–संविधान दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘विकसित भारत @2047’ और ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ रही।
कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत बठिंडा श्रीमती मीशा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री बी.डी. मिश्रा, डॉ. जसविंदर सिंह, यूथ आइकॉन श्री शशिकेश कुमार और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्री जसवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती सुखजिंदर कौर ने किया, जबकि मंच संचालन सेबेन सिंह ने किया। आयोजन में लगभग 150 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यूथ आइकॉन ने युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण यूथ आइकॉन श्री शशिकेश कुमार की विशेष प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘विकसित भारत @2047’ और विकसित भारत के निर्माण में नशामुक्त युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने युवाओं के साथ विस्तार से संवाद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
इसके बाद यूथ आइकॉन और प्रतिभागियों के बीच विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान युवाओं को सीधे सवाल पूछने, अपने विचार रखने और विभिन्न विषयों पर चर्चा करने का अवसर मिला।
जागरूकता वीडियो के जरिए नशे के दुष्परिणामों पर किया सचेत
कार्यक्रम के दौरान नशे के गंभीर दुष्परिणामों को दर्शाने वाला जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और व्यक्तिगत नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।
संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं को यह संदेश दिया कि नशामुक्त, जागरूक और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। कार्यक्रम में युवाओं ने भारत को नशामुक्त बनाने तथा वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देने का संकल्प लिया।
सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा
बठिंडा, पंजाब



