- नन्हे सांसदों ने किया लोकसभा की कार्यवाही का मंचन, संविधान के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
रायबरेली। शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोकसभा की कार्यवाही का नाट्य मंचन रहा, जिसमें विद्यालय के जूनियर सेक्शन के छात्र-छात्राओं ने विशेष एक्ट के माध्यम से संसद की कार्यप्रणाली, सदन में होने वाली चर्चा, प्रश्नोत्तर और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
नन्हे सांसदों ने दिखाई संसदीय कार्यवाही
कार्यक्रम के दौरान नन्हे विद्यार्थियों ने सांसदों की भूमिका निभाते हुए लोकसभा की कार्यवाही को आत्मविश्वास, अनुशासन और सहजता के साथ प्रस्तुत किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया। इस मंचन के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोकतंत्र, संसदीय परंपराओं और संविधान के महत्व को समझने का संदेश दिया।
संविधान लोकतंत्र की आधारशिला: प्रधानाचार्या
विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में संवैधानिक समझ और नागरिक जिम्मेदारी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में अभय, आराध्या, अनिकेत, अग्रिमा, सानिध्या, आयुष, अरमान, अविका, आद्या, गौरान्वी, शौर्य, प्रतीक, नुमान, अरहम, दिव्यांशु, ग़ाज़ी, कृष्णा सहित सभी छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन सराहनीय रहा। बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र नाथ हरि, गरिमा सिंह और सावन गुप्ता का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन हरप्रीत कौर ने किया।



