किसानों को मुआवजा नहीं देना रेलवे को पड़ा भारी, अधिग्रहित जमीन की हुई कुर्की

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • न्यायालय के आदेश के बाद राजस्व विभाग की कार्रवाई, वर्षों से भुगतान का इंतजार कर रहे किसानों को न्याय की उम्मीद

बुदनी, मध्यप्रदेश। संवाददाता हमीद बेग

बुदनी-बरखेड़ा रेलवे लाइन परियोजना के लिए किसानों की अधिग्रहित जमीन का मुआवजा भुगतान नहीं करना रेलवे विभाग को भारी पड़ गया। न्यायालय के आदेश के बावजूद किसानों को निर्धारित मुआवजा राशि नहीं मिलने पर अब रेलवे की अधिग्रहित जमीन पर कुर्की की कार्रवाई की गई है। राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम होलीपुरा में मौके पर पहुंचकर जमीन पर कुर्की के निशान लगाए। इस कार्रवाई के बाद वर्षों से मुआवजे की मांग कर रहे किसानों को अपना हक मिलने की उम्मीद जगी है।

दरअसल, मामला बुदनी-बरखेड़ा रेलवे लाइन परियोजना के तहत तीसरी रेल लाइन के निर्माण से जुड़ा है। वर्ष 2017-18 में रेलवे लाइन के विस्तार के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई थी। जमीन अधिग्रहण के बाद निर्धारित मुआवजा राशि से असंतुष्ट करीब 13 किसानों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।

फरवरी 2022 में न्यायालय ने जमीन का उचित बाजार मूल्य निर्धारित करते हुए मुआवजा राशि बढ़ाने के आदेश दिए। इसके बावजूद रेलवे विभाग की ओर से भुगतान नहीं किए जाने का मामला सामने आया। लंबे समय तक भुगतान लंबित रहने के बाद अब न्यायालय के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने इंदौर-बुदनी रेलवे लाइन परियोजना के लिए ग्राम होलीपुरा में अधिग्रहित रेलवे जमीन की कुर्की की कार्रवाई की।

मुआवजे की राशि में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। जानकारी के अनुसार, शहरी क्षेत्र में मुआवजा 42 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर करीब 2 करोड़ 81 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में करीब 69 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा तय किए जाने का उल्लेख है। इसके अतिरिक्त 12 प्रतिशत वार्षिक अतिरिक्त राशि और 15 प्रतिशत सालाना ब्याज का भी प्रावधान बताया गया है।

किसानों का कहना है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उन्हें वर्षों से मुआवजा नहीं मिला। इसके चलते उन्हें लगातार कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। अब रेलवे की अधिग्रहित जमीन पर कुर्की की कार्रवाई होने के बाद किसानों को उम्मीद है कि उनकी लंबित मुआवजा राशि का जल्द भुगतान किया जाएगा।

न्यायालय के आदेश के बाद रेलवे की जमीन पर हुई कुर्की की कार्रवाई प्रशासनिक और कानूनी दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब रेलवे विभाग पर किसानों को मुआवजा देने का दबाव बढ़ गया है। वर्षों से अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे किसानों की निगाहें अब भुगतान की प्रक्रिया पर टिकी हैं।

[wps_visitor_counter]