- कहा- 13.37 करोड़ वोट कटने के बाद सिर्फ 1,629 विदेशी नागरिक मिले, अमित शाह बताएं कहां गए बांग्लादेशी; यूपी में स्कूल बंद, अस्पताल बदहाल और परीक्षाओं में पेपर लीक का लगाया आरोप
हरैया (बस्ती)/लखनऊ, 15 नवंबर 2026। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बस्ती जिले के हरैया में आयोजित पार्टी के दूसरे कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), सरकारी स्कूलों की बदहाली, अस्पतालों में अव्यवस्थाओं, पेपर लीक, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार को घेरा। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर देशभर में करोड़ों मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं और इसे संविधान प्रदत्त मताधिकार पर हमला बताया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि देशभर में SIR के तहत 13 करोड़ 37 लाख वोट काटे गए, जबकि जांच में केवल 1,629 विदेशी नागरिक सामने आए। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि घुसपैठियों और बांग्लादेशियों के नाम पर इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटने का औचित्य क्या है? उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर इतने बड़े अभियान के बाद कितने अवैध विदेशी नागरिकों की पहचान हुई।
अनुपस्थित नागरिकों को बांग्लादेशी बताने का आरोप, अमित शाह पर साधा निशाना
गृह मंत्री अमित शाह के देश में तीन करोड़ बांग्लादेशी नागरिक होने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए संजय सिंह ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान घर पर नहीं मिलने वाले लोगों को विदेशी नागरिक बताने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह विदेश दौरे पर होने के कारण अपने घर पर नहीं मिलें तो क्या उन्हें भी बांग्लादेशी कह दिया जाएगा?
उन्होंने उत्तर प्रदेश में करीब 2 करोड़ 80 से 90 लाख वोट काटे जाने का दावा करते हुए गोंडा के तरबगंज का उदाहरण दिया। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर विशेष समुदाय के लोगों के वोट कटवाने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन किए गए हैं।
‘हिंदू नहीं, भाजपा की सत्ता खतरे में’, मुख्यमंत्री योगी को दी चुनौती
भाजपा के ‘हिंदू खतरे में है’ और ’80-20′ के नारे पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि देश में पिछले 12 वर्षों से भाजपा की सरकार है। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री भाजपा की सत्ता में हैं, इसके बावजूद हिंदुओं के खतरे में होने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि वास्तव में हिंदू नहीं, बल्कि भाजपा की सत्ता खतरे में है।
27 हजार सरकारी स्कूल बंद होने का दावा, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में करीब 27 हजार सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देशभर में एक लाख स्कूल बंद हुए, जबकि 1.20 लाख स्कूलों में केवल एक शिक्षक कार्यरत है। उन्होंने 98 हजार स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालय और 1.19 लाख स्कूलों में बिजली की सुविधा नहीं होने का भी दावा किया।
उन्होंने सरकारी अस्पतालों की बदहाली का जिक्र करते हुए मोमबत्ती की रोशनी में ऑपरेशन, सड़क किनारे प्रसव और बांदा मेडिकल कॉलेज में बच्चे को कुत्ते द्वारा नोचे जाने की घटना का उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने लेखपाल, पुलिस भर्ती, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, नीट, पीसीएस-जे और शिक्षक भर्ती समेत कई परीक्षाओं में पेपर लीक होने का आरोप लगाया।
सात साल से वेतन नहीं मिलने पर पैक्स सचिव की आत्महत्या का मामला उठाया
पैक्स सचिव राज कपूर मौर्या की आत्महत्या के मामले में संजय सिंह ने प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सात साल तक वेतन नहीं मिलने से आर्थिक संकट झेल रहे राज कपूर मौर्या ने आत्महत्या कर ली, लेकिन सरकार के किसी अधिकारी ने उनके परिवार की सुध नहीं ली।
उन्होंने उनके बच्चों शौर्य और अभिजीत की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 23 हजार ऐसे कर्मचारी हैं, जिन्हें पांच से सात वर्षों तक वेतन नहीं मिला है। संजय सिंह ने सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय और आर्थिक सहायता देने की मांग की।
यूसीसी के नाम पर आरक्षण खत्म करने की साजिश का लगाया आरोप
समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ‘एक देश, एक कानून’ के नाम पर आदिवासियों, दलितों और पिछड़े वर्गों के संवैधानिक अधिकारों तथा आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
राम मंदिर के नाम पर जमीन और चढ़ावे में भ्रष्टाचार का आरोप
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े मामलों को लेकर भी संजय सिंह ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने जमीन खरीद में कथित अनियमितताओं, निर्माण में कमीशनखोरी और मंदिर में चढ़ावे तथा कीमती वस्तुओं की चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में 26 दस्तावेज एसआईटी को सौंपे गए हैं।
इसके अलावा उन्होंने अडानी समूह को सरकारी संसाधन सौंपने और बड़े पूंजीपतियों के 17 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि किसानों, बेरोजगार युवाओं और छोटे व्यापारियों को राहत देने के लिए सरकार के पास पर्याप्त इच्छाशक्ति नहीं है।
बिजली कटौती और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा
संजय सिंह ने प्रदेश में बिजली की बढ़ती दरों और 10 से 12 घंटे तक बिजली कटौती होने का आरोप लगाते हुए जनता से आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली और आम जनता के बुनियादी सवालों को प्रमुखता से उठाएगी।
कार्यकर्ता सम्मेलन में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, बौद्ध प्रांत अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्रा, बस्ती जिला अध्यक्ष राम सुभाष वर्मा, अयोध्या जिला अध्यक्ष अनिल प्रजापति, तिरंगा शाखा प्रदेश अध्यक्ष जनक प्रसाद समेत पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



