राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार रामपुर पहुंचे धर्मपाल सिंह, भाजपा ने किया भव्य स्वागत

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • हजारों कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से किया अभिनंदन, रामपुर की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का किया आह्वान

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद एवं कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के पहली बार रामपुर आगमन पर चमरौआ विधानसभा क्षेत्र के मुरसैना मंडल में भाजपा की ओर से भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारत का इतिहास संघर्ष, समृद्धि और सांस्कृतिक गौरव का इतिहास रहा है। देश की आजादी में हिंदू और मुस्लिम सहित सभी समुदायों के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आजादी के बाद देश की सीमाओं और सामरिक महत्व के क्षेत्रों को लेकर तत्कालीन नेतृत्व की सोच दूरदर्शी नहीं रही।

कैबिनेट मंत्री ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बिना किसी धार्मिक, जातिगत अथवा सामाजिक भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान करना है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद रामपुर के विकास के प्रति उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। वह संसद में क्षेत्र की जनता की आवाज उठाने के साथ विकास कार्यों को गति देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में रामपुर की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा को जीत दिलाने की अपील की।

रामवीर सिंह ने वंदे मातरम को बताया मातृभूमि के प्रति सम्मान का प्रतीक

कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों पर मुस्लिम समाज को भाजपा का डर दिखाकर वोट हासिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘मादरे वतन’ और ‘वंदे मातरम’ का भाव एक ही है। दोनों मातृभूमि के प्रति प्रेम और सम्मान को प्रकट करते हैं। इसलिए मुस्लिम समाज के लोगों को भी वंदे मातरम बोलने से परहेज नहीं करना चाहिए।

नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने भी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा को मिल रहे जनसमर्थन के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के विश्वास और समर्थन से पार्टी लगातार मजबूत हो रही है।

कार्यक्रम के अंत में धर्मपाल सिंह ने स्वागत समारोह के आयोजन के लिए पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, घनश्याम सिंह लोधी, सूर्य प्रकाश पाल, सुनीता सैनी, जगपाल सिंह यादव, रविंद्र सिंह रवि, अर्जुन रस्तोगी, मीडिया प्रभारी आकाश सक्सेना, प्रदीप गुप्ता, कुंवर बहादुर राजपूत, शकुंतला लोधी, देवेंद्र सिंह चौधरी, वीरपाल, सुखदेव सिंह चीमा, कांता प्रसाद, ओमप्रकाश सैनी, सोमपाल सिंह, सरदार दीप सिंह, हरप्रसाद चेयरमैन, महेंद्र सिंह लोधी, केशव यादव, मुस्तकीम सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: रामपुर | Nation Station News

[wps_visitor_counter]