- दौड़ प्रतियोगिता में दिव्यांश कुमार, निष्ठा कठारिया और अब्दुल शबद आरिफ ने हासिल किया प्रथम स्थान
- पुलिस अधीक्षक ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह, पढ़ाई के साथ रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। बाल दिवस के अवसर पर वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रथम वामा खेलोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस परिवार के बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पुलिस परिवार के तीन बच्चों को वामा सारथी मुख्यालय, लखनऊ की ओर से प्रदत्त प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। सम्मानित होने वाले बच्चों में राजीव कुमार के पुत्र दिव्यांश कुमार, रोहिणी की पुत्री निष्ठा कठारिया और नरगिस के पुत्र अब्दुल शबद आरिफ शामिल रहे। तीनों ने दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसके अलावा बाल दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को भी पुलिस अधीक्षक ने पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने बच्चों को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अपनी रुचि एवं पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़कर भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देना तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना रहा। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।



