- 17 नवंबर को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची, 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम सूची
रिपोर्ट । शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में पनवड़िया स्थित सद्भावना मंडप में संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल न हो।
जिलाधिकारी ने बीएलओ को अपने रजिस्टर मोबाइल नंबर सहित अद्यतन रखने तथा पुनरीक्षण कार्य में पूरी सावधानी और पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का विशेष रूप से सत्यापन कराने को कहा।
फोटो, नाम और पते का होगा विशेष सत्यापन
डीएम ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए मतदाताओं के फोटो, हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में नाम, पता, लिंग और एक ही मकान में दर्ज मतदाताओं की संख्या का विशेष सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
17 नवंबर से शुरू होंगे दावे और आपत्तियां
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। वहीं, अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
इसके अतिरिक्त 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त करने और उनका समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर रत्निका श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।



