रामपुर में दिनदहाड़े मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, शरीर में मिले 6 गोलियों के निशान

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • बेटे के साथ बाइक से जा रहे थे मोहम्मद शरीफ, हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग; ASP अनुराग सिंह ने दी मामले की जानकारी

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।

रामपुर। जनपद के थाना खजुरिया क्षेत्र में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बाइक पर अपने बेटे के साथ जा रहे मोहम्मद शरीफ को हमलावरों ने निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से मोहम्मद शरीफ की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छह गोलियां लगने की पुष्टि

मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मोहम्मद शरीफ की मौत की पुष्टि हुई है। उनके शरीर पर कुल आठ गोली के घाव मिले हैं, जिनमें छह एंट्री वाउंड और दो एग्जिट वाउंड शामिल हैं। पोस्टमार्टम के अनुसार उन्हें कुल छह गोलियां लगी थीं।

हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला स्क्रीनशॉट वायरल

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है। इसमें राहुल सिंह नाम के व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर हत्या की जिम्मेदारी लेने की बात कही जा रही है। इस संबंध में एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि वायरल स्क्रीनशॉट पुलिस के संज्ञान में है। तकनीकी टीम इसकी जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पोस्ट वास्तविक है या फर्जी।

छह पुलिस टीमें जांच में जुटीं

एएसपी अनुराग सिंह के मुताबिक, हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्यों और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल हत्यारों के संबंध में कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों तक कब पहुंचती है।

[wps_visitor_counter]