- शाहबाद में बाजार गईं 9 और 7 वर्षीय बच्चियां रास्ता भटक गईं, महिला सुरक्षा दल ने सुरक्षित थाने पहुंचाकर परिजनों को सौंपा
- मुरादाबाद से रिश्तेदारी में आई थीं दोनों बच्चियां, पुलिस की तत्परता पर परिजनों ने जताया आभार
रामपुर। थाना शाहबाद पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए रास्ता भटकीं दो नाबालिग बच्चियों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस की इस तत्परता से परेशान परिजनों ने राहत की सांस ली और रामपुर पुलिस की जमकर प्रशंसा की।
जानकारी के अनुसार, शाहबाद कस्बे के मुख्य बाजार में 9 वर्ष और 7 वर्ष की दो मासूम बच्चियां रास्ता भटक गई थीं। दोनों बच्चियां मूल रूप से मोहल्ला ईदगाह के पास, कस्बा एवं थाना कुंदरकी, जनपद मुरादाबाद की निवासी हैं और शाहबाद में अपने रिश्तेदारों के यहां आई हुई थीं। बताया गया कि दोनों बच्चियां दुकान से खाने-पीने का सामान लेने गई थीं, लेकिन वापस घर का रास्ता भूल गईं।
मौके पर पहुंची महिला सुरक्षा दल ने दोनों बच्चियों को सुरक्षित थाना शाहबाद पहुंचाया। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने बच्चियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उनसे जानकारी प्राप्त की। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से दूरभाष पर संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों बच्चियों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
बच्चियों के सुरक्षित मिलने से परिजनों की चिंता दूर हो गई। उन्होंने रामपुर पुलिस और मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
मिशन शक्ति के तहत पुलिस की यह पहल महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता का सराहनीय उदाहरण है।



