- साइकिल की चेन टूटने पर पैदल जा रहा था युवक, हरदासपुर के पास हुआ हादसा
- सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। मिलक क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे बिलासपुर रोड पर ग्राम हरदासपुर के पास सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जगतपुर निवासी सचिन हरदासपुर से आटा लेकर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में उसकी साइकिल की चेन टूट गई, जिसके चलते वह साइकिल को पैदल लेकर जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिलक ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया। टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है।



