रामपुर में सात स्थानों पर शुरू हुआ EVM प्रदर्शन कार्यक्रम, डीएम ने खुद डाला डमी वोट

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से विशेष अपील, केंद्रों पर पहुंचकर समझें EVM और VVPAT की कार्यप्रणाली

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने मतदाताओं को जागरूक करने की पहल शुरू कर दी है। जनपद में सात स्थानों पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां नागरिक स्वयं ईवीएम का बटन दबाकर डमी मतदान कर सकेंगे और वीवीपैट की पर्ची देखकर मतदान प्रक्रिया को समझ सकेंगे।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 20 नवंबर 2026 से कलेक्ट्रेट परिसर सहित तहसील स्वार, टांडा, बिलासपुर, सदर, मिलक और शाहबाद मुख्यालय पर इन केंद्रों का संचालन शुरू किया गया है। सभी केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। विधानसभा चुनाव की घोषणा होने तक यह कार्यक्रम जारी रहेगा।

प्रदर्शन के लिए एफएलसी प्रक्रिया में सही पाई गई पूरी तरह कार्यशील ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन मशीनों के माध्यम से नागरिकों को मतदान की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव कराया जा रहा है।

डीएम ने खुद किया डमी मतदान, लोगों को समझाई प्रक्रिया

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही नागरिकों को ईवीएम से मतदान करने की प्रक्रिया समझाई और स्वयं भी डमी मतदान किया।

इस दौरान मौजूद लोगों ने भी मशीन पर बटन दबाकर डमी वोट डाले और वीवीपैट की पारदर्शी खिड़की में पर्ची देखकर मतदान प्रक्रिया को समझा।

पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से खास अपील

जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम प्रदर्शन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को मशीन के संचालन की जानकारी देना और वास्तविक मतदान के दौरान उनकी झिझक दूर करना है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदाता बनने जा रहे नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचकर ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझें तथा डमी मतदान का अभ्यास करें। उन्होंने आमजन से भी इस सुविधा का लाभ उठाने और दूसरों को जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. संतोष उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर आशुतोष कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]