- सावित्री देवी महाविद्यालय में माय भारत की पड़ोस युवा संसद आयोजित, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (माय भारत) की ओर से सावित्री देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ विषय पर पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी मीनू बोहरा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए आगे आना चाहिए।
युवा संसद में प्रतिभागियों ने रखे विचार, प्रतियोगिता में रफिया खान रहीं प्रथम
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नशे के शारीरिक, सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। युवा संसद में प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतियोगिता में रफिया खान ने प्रथम, अर्शिया ने द्वितीय और मनतशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्लोगन और पोस्टर के माध्यम से भी युवाओं ने नशामुक्ति का संदेश दिया।
प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर किया सम्मानित, नशामुक्त भारत की ली शपथ
कार्यक्रम के समापन पर विजेता एवं प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक शुभम वर्मा, प्रवक्ता अनिल कुमार, इफरा खान, अशोक कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में माय भारत के युवा स्वयंसेवक निधि, नवनीत और अंकित का विशेष योगदान रहा।



