बठिंडा पुलिस की अनूठी पहल: वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर, सड़क हादसों को रोकने का लिया संकल्प

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • रात और कोहरे में बढ़ेगी वाहनों की दृश्यता, पीसीआर टीमों ने वाहन चालकों को किया जागरूक

सुरेश रहेजा जिला संवाददाता 

बठिंडा, 21 नवंबर (सुरेश रहेजा)। बठिंडा पुलिस ने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सड़क हादसों को रोकने और आम लोगों की कीमती जान बचाने की दिशा में सराहनीय पहल की है। एसएसपी बठिंडा सुहैल कासिम मीर, आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर पुलिस की पीसीआर टीमों ने विभिन्न वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य रात के समय, कोहरे और कम रोशनी में वाहनों की दृश्यता बढ़ाना है, ताकि पीछे से आने वाले वाहन चालकों को सड़क किनारे खड़े वाहनों की जानकारी समय रहते मिल सके और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

अक्सर रात और घने कोहरे के दौरान सड़क किनारे खड़े वाहन दूर से दिखाई नहीं देते, जिसके कारण गंभीर हादसे होने की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए पीसीआर कर्मियों ने अलग-अलग वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए। साथ ही वाहन चालकों को इनके महत्व के बारे में जानकारी देते हुए रात में सावधानी से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

अपराध रोकने के साथ जनता की सुरक्षा भी प्राथमिकता

बठिंडा पुलिस की पीसीआर टीमें केवल गश्त तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दिन-रात शहर और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की मदद, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और अपराध नियंत्रण का कार्य कर रही हैं। पुलिसकर्मी जरूरतमंदों की सहायता करने और खोए हुए वाहनों को उनके असली मालिकों तक पहुंचाने जैसे सराहनीय कार्य भी कर रहे हैं।

बठिंडा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर जरूर लगवाएं, रात में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि उसकी प्राथमिकता केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।

[wps_visitor_counter]