22 नवंबर को शाम 6 बजे होगी प्रदेशव्यापी नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल, रामपुर में तैयारियां तेज

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • विकास भवन में हुई समीक्षा बैठक, सभी विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां; एंबुलेंस, दमकल और संचार व्यवस्था रहेगी अलर्ट

रामपुर। प्रदेशभर में 22 नवंबर को शाम 6 बजे आयोजित होने वाली नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल को लेकर रामपुर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।

नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। सायरन, वायरलेस सेट और संचार व्यवस्थाओं की जांच कराने के साथ नागरिक सुरक्षा वार्डन, स्वयंसेवकों, आपदा मित्रों तथा एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स की निर्धारित स्थलों पर तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

आपात स्थिति से निपटने के लिए रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं

बैठक में सुरक्षित निकासी, भीड़ नियंत्रण और प्राथमिक उपचार की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैयार रखने तथा अग्निशमन विभाग को दमकल वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग और नगर निकाय को ब्लैकआउट तथा विद्युत आपूर्ति बहाल करने की व्यवस्थाओं के लिए आपसी समन्वय बनाने को कहा गया।

नगर मजिस्ट्रेट ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि 22 नवंबर को शाम 6 बजे होने वाली मॉक ड्रिल में पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ प्रतिभाग करें, ताकि वास्तविक आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए जा सकें। बैठक में उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन अधिकारी, चिकित्सा विभाग, रेडक्रॉस, विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता, रामपुर

[wps_visitor_counter]