टांडा तहसील में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र शुरू, आमजन खुद डाल सकेंगे डमी वोट

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • वीवीपैट की पर्ची से समझ सकेंगे मतदान की पूरी प्रक्रिया, एसडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए टांडा तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार से ईवीएम प्रदर्शन केंद्र शुरू कर दिया गया है। यहां आम नागरिक स्वयं डमी वोट डालकर ईवीएम की कार्यप्रणाली समझ सकेंगे। साथ ही वीवीपैट मशीन से निकलने वाली पर्ची देखकर यह भी जान सकेंगे कि उनका वोट किस चुनाव चिह्न के पक्ष में दर्ज हुआ है।

उपजिलाधिकारी टांडा कुमार गौरव ने बताया कि ईवीएम प्रदर्शन केंद्र निर्वाचन की घोषणा होने तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहेगा। केंद्र पर प्रशिक्षित कार्मिकों द्वारा बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए एफएलसी में सही पाई गई मशीनों और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित डमी नाम एवं चुनाव चिह्नों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कंट्रोल यूनिट का डाटा क्लियर किया जाएगा। वहीं वीवीपैट की पर्चियों को नामित राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नष्ट किया जाएगा। मशीनों को सीसीटीवी निगरानी और पुलिस सुरक्षा से लैस स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक

ईवीएम प्रदर्शन केंद्र शुरू होने से पहले निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 35-चमरौआ विधानसभा क्षेत्र एवं उपजिलाधिकारी टांडा कुमार गौरव की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027, आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति और ईवीएम प्रदर्शन केंद्र से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। एसडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता जागरूकता अभियान और निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग की अपील की।

युवाओं और नए मतदाताओं से विशेष अपील

उपजिलाधिकारी ने युवाओं, पहली बार मतदान करने जा रहे नए मतदाताओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और छात्र-छात्राओं सहित सभी नागरिकों से अपील की कि वे टांडा तहसील स्थित प्रदर्शन केंद्र पहुंचकर ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को स्वयं समझें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया की जानकारी होने से मतदाताओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी मजबूत होगी। निर्वाचन संबंधी किसी भी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

[wps_visitor_counter]