- मुख्यमंत्री आवास योजना के नाम पर 10.90 लाख रुपये की हुई थी ठगी, फर्जी कॉल कर बनाया था शिकार
- साइबर क्राइम टीम की तकनीकी कार्रवाई से पीड़िता को मिली राहत, पुलिस के प्रयासों की पीड़िता ने की सराहना
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। साइबर ठगों ने मुख्यमंत्री आवास योजना के नाम पर एक महिला को अपना शिकार बनाकर 10 लाख 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के नाम से फर्जी कॉल कर महिला को सरकारी योजना के तहत घर दिलाने का झांसा दिया था। मामले में रामपुर साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता के खाते में 49 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई है। इससे पहले भी पुलिस 1 लाख 90 हजार रुपये वापस करा चुकी है। इस तरह अब तक कुल 2 लाख 39 हजार रुपये पीड़िता को वापस मिल चुके हैं।
पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम विनोद कुमार सिंह और पुलिस उपमहानिरीक्षक साइबर क्राइम पवन कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी साइबर अपराध अनुराग सिंह तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध अभिषेक श्रीवास्तव के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से कार्रवाई की।
पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप 49 हजार रुपये की अतिरिक्त धनराशि पीड़िता के बैंक खाते में वापस कराई गई। रकम वापस मिलने पर पीड़िता ने साइबर क्राइम थाना रामपुर की टीम का आभार जताया।
रामपुर साइबर पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत मिली है। साथ ही आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।



