- मेरठ महिला कांस्टेबल अपहरण मामला: कोर्ट में बयान से पलटा पूरा केस
- कोर्ट में बोली संध्या भारद्वाज– अपनी मर्जी से अंकित के साथ गई थी
- शादी से कुछ घंटे पहले हुई थी कांस्टेबल की गुमशुदगी
न्यूज़ डेस्क
मेरठ।उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सामने आए महिला कांस्टेबल के कथित अपहरण मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। कोर्ट में दर्ज कराए गए बयान में महिला कांस्टेबल संध्या भारद्वाज ने साफ कहा है कि उसका अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि वह अपनी मर्जी से अंकित चौहान के साथ गई थी। कोर्ट में पेशी के बाद आदेश के अनुसार पुलिस ने महिला कांस्टेबल को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद वह उनके साथ घर चली गई।
दरअसल, बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात निवासी महिला कांस्टेबल संध्या भारद्वाज अलीगढ़ के साइबर क्राइम थाने में तैनात हैं। रविवार को उनके पिता ने मवाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शादी से ठीक पहले उनकी बेटी का अपहरण कर लिया गया है। रिपोर्ट में ढिकोली निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकित चौहान पर अपहरण का आरोप लगाया गया था।
मवाना थाने में दर्ज हुआ बयान
रविवार को संध्या भारद्वाज का बयान मवाना थाने में दर्ज कराया गया। महिला कांस्टेबल ने पुलिस को बताया कि रात में अंकित चौहान का फोन आया था, जिसके बाद वह स्वयं उसके साथ चली गई थी। उसने स्पष्ट किया कि इस दौरान किसी तरह का दबाव या अपहरण नहीं हुआ।
कोर्ट में पेशी, पिता को सौंपी गई कांस्टेबल
सोमवार को पुलिस ने संध्या भारद्वाज को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के समक्ष भी महिला कांस्टेबल ने यही बयान दोहराया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से गई थी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने उसे उसके परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद वह अपने पिता के साथ घर चली गई।
लोकार्पण के बाद कबाड़ बनीं डबल-डेकर बसें! बाराबंकी में खड़ी बसों की बदहाली पर सवालों की बौछार
शादी से कुछ घंटे पहले हुई थी घटना
महिला कांस्टेबल के पिता के मुताबिक, संध्या का रिश्ता अलीगढ़ के बन्ना देवी थाने में तैनात कांस्टेबल अतुल शर्मा से तय हुआ था। अतुल मूल रूप से मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी सराय का निवासी है। रविवार शाम को बरात आनी थी और घर में शादी की सभी रस्में चल रही थीं। हल्दी की रस्म पूरी होने के बाद, हाथों में मेहंदी लगी संध्या अचानक लापता हो गई, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया।
हिस्ट्रीशीटर पर लगा था आरोप
संध्या के लापता होने के बाद परिजनों ने मवाना थाना क्षेत्र के ढिकोली निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकित चौहान पर अपहरण का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि, महिला कांस्टेबल के बयान के बाद मामला पूरी तरह पलट गया है। फिलहाल अंकित चौहान पुलिस की पकड़ से बाहर है।
यूपी में 5 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, डीआईजी स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
पुलिस का बयान
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि महिला कांस्टेबल बालिग है। कोर्ट में उसके बयान दर्ज हो चुके हैं और उसके बाद वह अपनी इच्छा के अनुसार पिता के घर चली गई है। पुलिस मामले की विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।
प्रोत्साहन कटौती पर भागता रहा परिवहन निगम, वकीलों की टालमटोल से तीसरी बार टली सुनवाई




Total Users : 107913
Total views : 131097