- आकांक्षा सिंह ने हासिल किया प्रथम स्थान, सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन से प्रेरणा लेने का दिया संदे
बछरावां। दयानंद पीजी कॉलेज, बछरावां में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें एसडी के 71 और एसडब्ल्यू की 91 कैडेट्स सहित कुल 162 कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। देश की प्रगति और समृद्धि के लिए जरूरी है कि सभी लोग आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें। विद्यार्थियों में एकता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना आवश्यक है।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. कल्पना श्रीवास्तव ने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी विशेषता है। भाषा, धर्म, संस्कृति और क्षेत्र की भिन्नताओं का सम्मान करते हुए समानता और आपसी सद्भाव के माध्यम से ही सशक्त एवं समरस भारत का निर्माण संभव है।
वहीं, एनसीसी अधिकारी डॉ. विष्णु चंद्र श्रीवास्तव ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी विकसित करती है। राष्ट्रीय एकता दिवस पर सभी को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस दौरान पीआई श्री सूर्य प्रकाश सिंह ने कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संयोजन एनसीसी ट्रेनर राहुल चौरसिया ने किया।



