- जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने कहा– समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को दी गई बधाई
बेगूसराय, बिहार। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का 23वां स्थापना दिवस बेगूसराय में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी की जिला इकाई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और समर्पित कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
स्थापना दिवस पर पार्टी के गौरवशाली राजनीतिक सफर को याद करते हुए सामाजिक न्याय, सुशासन, विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। नेताओं ने कहा कि बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण के क्षेत्र में पार्टी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया गया।
जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता से ही पार्टी मजबूत होती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और समर्पण के साथ जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी संजय कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष अरुण राय एवं अजय पासवान, युवा जिला अध्यक्ष पंकज राय तथा छात्र जिला अध्यक्ष श्याम कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की एकता, मजबूती तथा जनहित के मुद्दों पर निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया। सभी ने पार्टी के उद्देश्यों और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
नेशन स्टेशन न्यूज़
बेगूसराय, बिहार से अभिजीत झा की रिपोर्ट



