फर्रुखाबाद में 422 जोड़ों का सामूहिक विवाह, 419 ने लिए सात फेरे तो 3 का हुआ निकाह

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • क्रिश्चियन ग्राउंड में गूंजा शहनाई और मंगलगीतों का स्वर, नवदंपतियों को 64 हजार रुपये की सरकारी सहायता और 36 हजार का घरेलू सामान मिला

मोहम्मद इसरार, जिला संवाददाता

फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत फर्रुखाबाद के क्रिश्चियन ग्राउंड में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 422 जोड़े विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। इनमें 419 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया, जबकि तीन जोड़ों का मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार निकाह संपन्न कराया गया।

समारोह में सांसद मुकेश राजपूत सहित जिले के सभी भाजपा विधायक मौजूद रहे। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और एएसपी समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

सरकार की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को डीबीटी के माध्यम से 64 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। इसके अतिरिक्त 36 हजार रुपये का घरेलू सामान भी उपलब्ध कराया गया। इस प्रकार प्रत्येक जोड़े को कुल एक लाख रुपये की सहायता का लाभ मिला। घरेलू उपयोग की वस्तुएं पाकर नवदंपतियों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सरकार आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है। फर्रुखाबाद में आयोजित इस समारोह में 422 जोड़ों के विवाह ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की। समारोह के समापन पर नवदंपतियों को खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया।

Nation Station News

nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]