- पोलिंग पार्टियों की रवानगी से लेकर स्ट्रांग रूम तक की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बिजली-पानी, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
मोहम्मद इसरार, जिला संवाददाता
फर्रुखाबाद। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सदर तहसील के बढ़पुर विकासखंड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति सातनपुर का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं चुनाव संपन्न होने के बाद उनकी वापसी, ईवीएम और निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रखरखाव के लिए प्रस्तावित स्ट्रांग रूम तथा अन्य निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने पोलिंग पार्टियों एवं निर्वाचन कार्य में लगे वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थल चिह्नित करने तथा आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने के निर्देश दिए, जिससे चुनाव के दौरान भीड़ और यातायात जाम की स्थिति न बने।
वहीं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए स्ट्रांग रूम एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था और परिसर की निगरानी के लिए समय रहते आवश्यक इंतजाम करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम सदर संजय कुमार, एआरटीओ प्रशासन कृष्ण कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



