- ऑपरेशन मुस्कान के तहत डायल-112 और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
अरविंद श्रीवास्तव जिला संवाददाता
बांदा। परिवार से नाराज होकर आत्महत्या करने के इरादे से केन नदी पुल पर पहुंचे युवक की पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए जान बचा ली। ऑपरेशन मुस्कान के तहत डायल-112 और थाना पुलिस की संयुक्त टीम की कार्रवाई से युवक सकुशल अपने परिजनों के पास पहुंच गया।
जानकारी के मुताबिक थाना तिंदवारी क्षेत्र के ग्राम अस्करन निवासी एक व्यक्ति ने 15 सितंबर 2026 की देर रात डायल-112 पर सूचना दी कि उनका बेटा घरवालों से नाराज होकर मोटरसाइकिल लेकर घर से चला गया है। फोन पर संपर्क होने पर युवक ने बताया कि वह आत्महत्या करने के उद्देश्य से केन नदी पुल पर खड़ा है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भूरागढ़ अरविंद कुमार ने थाना पुलिस एवं डायल-112 की संयुक्त टीम के साथ तत्काल केन नदी बाईपास पुल पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने युवक से धैर्य और सहानुभूति के साथ बातचीत की तथा उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित स्थान पर ले आई।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह अपने परिवार वालों से नाराज होकर आवेश में आत्महत्या करने के उद्देश्य से केन नदी पुल पर पहुंचा था। पुलिस टीम युवक को सकुशल चौकी भूरागढ़ लेकर आई और परिजनों को सूचना देकर चौकी बुलाया। इसके बाद युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने परिवार को भी दी समझाइश
पुलिस टीम ने युवक को जीवन के महत्व और पारिवारिक दायित्वों के बारे में समझाते हुए भविष्य में इस प्रकार का कदम नहीं उठाने की सलाह दी। साथ ही परिजनों से भी युवक के साथ सहानुभूतिपूर्वक व्यवहार करने, उसकी बात धैर्य से सुनने और आपसी संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान करने की अपील की गई।
पुलिस ने परिजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल नजदीकी थाना-चौकी या डायल-112 पर सूचना देने की हिदायत दी।
पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और संवेदनशीलता से युवक की जान बच गई। युवक के सकुशल घर लौटने पर परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए हृदय से धन्यवाद दिया।


