- दिल्ली में सम्मानित हुईं बीईओ बबिता सिंह, लखनऊ में मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित प्रधानाध्यापिका वैलेटिना विक्टर को भी मिला सम्मान
शाहबाज़ ख़ाँ | जिला संवाददाता, रामपुर
रामपुर। बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों के जरिए जिले का नाम राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर रोशन करने वाली दो शख्सियतों को बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सम्मानित किया। शाहबाद की खंड शिक्षा अधिकारी बबिता सिंह और प्राथमिक विद्यालय अहमदनगर जागीर की प्रधानाध्यापिका वैलेटिना विक्टर को डीएम ने शॉल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
शाहबाद की बीईओ बबिता सिंह को नई दिल्ली स्थित नीपा में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में उनके उत्कृष्ट कार्यों और शैक्षिक नवाचारों के लिए सम्मानित किया गया था। वहीं, प्राथमिक विद्यालय अहमदनगर जागीर की प्रधानाध्यापिका वैलेटिना विक्टर को शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मान मिला था।
निपुण भारत मिशन के तहत नवाचारों की सराहना
कलेक्ट्रेट में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी ने दोनों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने में शिक्षकों और शिक्षा अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और नवाचारों के माध्यम से बच्चों के सीखने की क्षमता को बेहतर बनाया जा सकता है।
प्राथमिक शिक्षा राष्ट्र निर्माण की नींव : डीएम
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। शिक्षकों का दायित्व केवल बच्चों को पाठ्यक्रम पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनमें तार्किक क्षमता, वैज्ञानिक सोच और आत्मविश्वास विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक और नवाचार आधारित शिक्षा देना समय की आवश्यकता है।
अन्य स्कूलों तक पहुंचेगा नवाचार का मॉडल
डीएम ने सम्मानित बीईओ और प्रधानाध्यापिका से अपने सफल शिक्षण प्रयोगों और नवाचारों को जिले के अन्य विद्यालयों के शिक्षकों के साथ साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का लाभ मिल सकेगा।
बठिंडा में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 8 महीने में 54,339 चालान
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। दोनों शिक्षिकाओं के सम्मान से शिक्षा विभाग में भी उत्साह का माहौल रहा।


