संवादाता मोहम्मद इसरार फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद ,दुकानों, रेस्टोरेंट, ढाबों, ठेलों और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों में एक ही कुकिंग ऑयल को बार-बार गर्म कर इस्तेमाल करने के मामले में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने संज्ञान लिया है। डीएम ने खाद्य सुरक्षा विभाग को ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बार-बार गर्म किए गए तेल की गुणवत्ता प्रभावित होने और उसमें स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तत्व बढ़ने की आशंका रहती है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अजीत कुमार के अनुसार कुकिंग ऑयल को दो से तीन बार इस्तेमाल करने के बाद दोबारा खाना बनाने में प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए।
प्रशासन ने इस्तेमाल हो चुके तेल के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था भी शुरू की है। अधिकृत “कलेक्ट माय ऑयल” टीम होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई की दुकान, कैटरिंग और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों से इस्तेमाल किया हुआ तेल एकत्र कर रही है।
वहीं, पुराने तेल को नाली में बहाने पर भी रोक की अपील की गई है, क्योंकि इससे नालियां जाम होने के साथ पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर खाद्य कारोबारियों को नोटिस देने से लेकर खाद्य लाइसेंस के निलंबन या रद्दीकरण तक की कार्रवाई हो सकती है।
प्रशासन की इस पहल का सीधा मकसद है—खाने की गुणवत्ता पर निगरानी और लोगों की सेहत से खिलवाड़ पर लगाम।


