- निजी नर्सिंग होम में छापेमारी से मचा हड़कंप, मरीजों को कराया गया शिफ्ट
- फीनिक्स हॉस्पिटल में डॉक्टर गैरहाजिर, अनभी हॉस्पिटल बिना रजिस्ट्रेशन मिला संचालित
मोहम्मद इसरार, जिला संवाददाता
फर्रुखाबाद। सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे निजी अस्पतालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार ने एसीएमओ राजेश माथुर के साथ विभिन्न निजी अस्पतालों में अचानक छापेमारी कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रशासन की कार्रवाई से निजी नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान नेकपुर स्थित फीनिक्स हॉस्पिटल में डॉक्टर की गैरमौजूदगी में मरीज भर्ती मिले। निरीक्षण में अस्पताल में निर्धारित मानकों से संबंधित कुछ खामियां भी सामने आईं। इस पर नगर मजिस्ट्रेट ने डॉक्टर के चैंबर को सील करते हुए अस्पताल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी।
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने मसेनी रोड स्थित अनभी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल बिना पंजीकरण संचालित होता पाया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट ने अस्पताल को तत्काल सील करने की कार्रवाई की।
नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार ने बताया कि अनभी हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
वहीं, फीनिक्स हॉस्पिटल के निरीक्षण में एमबीबीएस डॉक्टर की मौजूदगी नहीं मिलने और निर्धारित मानकों में कमी पाए जाने पर डॉक्टर के चैंबर को सील किया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद निजी अस्पताल संचालकों में खलबली मची हुई है। बिना पंजीकरण अनभी हॉस्पिटल के संचालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि बिना पंजीकरण अस्पताल के संचालन की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कोई कदम उठाया जाता है या नहीं।
राजस्व वादों में लापरवाही पर सीएम योगी सख्त, 5 तहसीलदार निलंबित
नगर मजिस्ट्रेट की कार्रवाई से स्पष्ट है कि मरीजों की सुरक्षा से खिलवाड़ और स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले निजी अस्पताल प्रशासन की निगरानी में हैं।
भाखड़ा डैम के निकट सड़क धंसने पर डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण


