- ग्रामीण परिवहन को मजबूती, चालकों-परिचालकों को राहत
- मुख्यमंत्री जनता सेवा बसों के मानदेय में 14 पैसे प्रति किमी की बढ़ोतरी
- ग्रामीण अंचलों में 20% कम किराए पर सफर, 299 बसें दे रहीं सेवा
न्यूज़ डेस्क
लखनऊ:-उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण परिवहन को और सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। प्रदेश में संचालित मा० मुख्यमंत्री जनता सेवा योजना के तहत चल रही बसों के संचालन हेतु चालकों एवं परिचालकों को दिए जाने वाले मानदेय में 14 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है। यह वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
“एक हफ्ते में सुधार करो, वरना कार्रवाई तय” — क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय का सख्त औचक निरीक्षण
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि अब तक संविदा चालकों एवं परिचालकों को 2.18 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जा रहा था, जिसे बढ़ाकर 2.32 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। इस निर्णय से बस संचालकों और सेवा प्रदाताओं को आर्थिक संबल मिलेगा, जिससे बसों का नियमित, सुरक्षित और सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य ग्रामीण अंचलों में रहने वाले नागरिकों को किफायती, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। मा० मुख्यमंत्री जनता सेवा के अंतर्गत संचालित बसों का किराया साधारण बसों की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत कम रखा गया है, जिससे ग्रामीण यात्रियों को कम खर्च में अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिल रही है।
यूपी में 5 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, डीआईजी स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
परिवहन मंत्री ने बताया कि वर्तमान में इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी 20 क्षेत्रों में स्वीकृत 395 मार्गों पर कुल 299 बसों का संचालन किया जा रहा है। यह योजना ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ रोजगार सृजन और यात्रियों की सुविधा दोनों ही दृष्टियों से महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी जनहित में परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कदम उठाती रहेगी, ताकि गांव-कस्बों तक सुगम और सस्ता आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
राजधानी में हर दिन 54 लोग गायब, महिलाओं और नाबालिगों की संख्या सबसे ज्यादा


