- शराब पीने से रोकने पर भड़के यात्री
- यात्रियों की मदद से एक आरोपी दबोचा गया
- महिला परिचालक ने थाने में दी तहरीर
- फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
न्यूज़ डेस्क
सीतापुर।उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बस में ड्यूटी के दौरान एक महिला परिचालक के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना सीतापुर जनपद के थाना अटरिया क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस में पीछे की सीटों पर बैठे दो पुरुष यात्री खुलेआम शराब का सेवन कर रहे थे। जब महिला परिचालक ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें शराब पीने से रोका, तो दोनों यात्री आपा खो बैठे। उन्होंने महिला परिचालक के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया और अभद्रता करने लगे।
स्थिति बिगड़ने पर दोनों आरोपियों ने महिला परिचालक के साथ मारपीट भी की, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों द्वारा विरोध किए जाने के बावजूद आरोपी नहीं माने। इसी दौरान दोनों मौके से भागने लगे, लेकिन यात्रियों की सतर्कता से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार होने में सफल रहा।
वर्दी की आड़ में लूट: मथुरा जंक्शन के बाहर सर्राफा कारोबारी से लूट, PAC का जवान गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपी को थाना सिधौली लाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना नाम अब्दुर्रज़ाक पुत्र सुब्हाराम भार्गव, निवासी ग्राम महिंगवां कला, थाना रामपुर करमा, जनपद सीतापुर बताया।
पीड़ित महिला परिचालक ने थाना सिधौली में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
₹500 में करें लखनऊ दर्शन, 3 घंटे में दिखेंगे 12 प्रमुख पर्यटन स्थल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला कर्मचारी के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




Total Users : 107920
Total views : 131109