रामपुर: विशेष अभियान दिवस पर डीएम-एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए निर्देश

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • बूथ संख्या 149 से 159 तक पहुंचकर मतदाता पंजीकरण की जांच, पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर दिया जोर
  • 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस, नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6 और संशोधन के लिए प्रपत्र-8 भर सकेंगे मतदाता

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत शनिवार को जनपद में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने राजकीय रजा इंटर कॉलेज में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूथ संख्या 149 से 159 तक पहुंचकर मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया और अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों और पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त आवेदनों और भरे गए प्रपत्रों की बारीकी से जांच करते हुए मौके पर चल रही कार्यवाही का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं।

जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाता सूचियों का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए। किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर नियमानुसार उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी बीएलओ निर्धारित समय पर अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

चार दिन चलेगा विशेष अभियान, बूथों पर मिलेगी आवेदन की सुविधा

जनपद में 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों प्रत्येक मतदान केंद्र पर स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को आवेदन भरने में सहायता दी जाएगी।

मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6, नाम हटवाने के लिए प्रपत्र-7 और मतदाता सूची में किसी प्रकार का संशोधन कराने के लिए प्रपत्र-8 उपलब्ध रहेंगे। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और आवश्यकतानुसार आवेदन करें।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी रत्निका श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

[wps_visitor_counter]