- बिना अनुमति छुट्टी पर जाने वाले अधिकारियों का कटेगा वेतन, प्रतिदिन तय होगा लक्ष्य; 4,460 प्रगणक और 775 सुपरवाइजर संभाल रहे जिम्मेदारी
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे स्वगणना कार्य की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सामने आया कि जनपद में अब तक मात्र 13,428 लोगों ने ही स्वगणना की है। इस पर डीएम ने सभी तहसीलदारों को तत्काल प्रगति बढ़ाने और चार्ज अधिकारियों व अधिशासी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
खराब प्रगति पर ईओ सैफनी के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को दिए गए। वहीं शाहबाद और मिलक क्षेत्र में स्वगणना की धीमी रफ्तार पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सबसे पहले अपनी स्वगणना स्वयं सुनिश्चित करें और इसके बाद आमजन को भी जागरूक कर स्वगणना के लिए प्रेरित करें। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित करने के साथ उसकी नियमित समीक्षा की जाए। बिना पूर्व अनुमति अवकाश पर जाने वाले अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र को प्रतिदिन स्वगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा करने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पुष्पेंद्र पटेल ने जानकारी दी कि जनपद में जनगणना कार्य के लिए 4,460 प्रगणक और 775 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. संतोष उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



